आधार कार्ड (Aadhaar Card) आज के समय में सबसे जरूरी दस्तावेज बन गया है। बैंक खाता खोलने से लेकर इनकम टैक्स रिटर्न भरने तक, हर जगह आधार में मोबाइल नंबर लिंक होना अनिवार्य है। लेकिन मोबाइल नंबर अपडेट कराने के लिए आधार सेवा केंद्रों पर लगने वाली लंबी लाइनों ने आम जनता को परेशान कर रखा था।
अब UIDAI (Unique Identification Authority of India) ने करोड़ों नागरिकों को बड़ी राहत दी है। अब आपको अपना मोबाइल नंबर आधार से लिंक कराने या अपडेट कराने के लिए कहीं जाने की जरूरत नहीं है। यह काम अब आप घर बैठे करवा सकते हैं।
डाकिया करेगा आपकी मदद
UIDAI ने इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) के साथ समझौता किया है। इस नई व्यवस्था के तहत, देश भर के 6.5 लाख से अधिक डाकिए (Postmen) और ग्रामीण डाक सेवक (GDS) अब स्मार्टफोन और बायोमेट्रिक डिवाइस से लैस होकर घर-घर जाकर आधार अपडेट करेंगे।
किन सेवाओं का मिलेगा लाभ?
इस डोरस्टेप सर्विस के जरिए आप मुख्य रूप से दो काम करवा सकते हैं:
- मोबाइल नंबर अपडेट: आधार में नया मोबाइल नंबर जोड़ना या पुराने को बदलना।
- बच्चों का आधार (Child Enrolment): 5 साल से कम उम्र के बच्चों का नया आधार कार्ड बनवाना।
घर बैठे कैसे बुलाएं डाकिया?
इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए आपको ऑनलाइन रिक्वेस्ट डालनी होगी। इसका तरीका बेहद आसान है:
- वेबसाइट पर जाएं: सबसे पहले India Post Payments Bank (IPPB) की आधिकारिक वेबसाइट (
ippbonline.com) पर जाएं। - सर्विस रिक्वेस्ट: होमपेज पर ‘Doorstep Banking’ के विकल्प को चुनें।
- ऑप्शन चुनें: वहां आपको ‘Aadhaar – Mobile Update’ का चेकबॉक्स दिखेगा, उस पर टिक करें।
- डिटेल्स भरें: अपना नाम, पता, पिन कोड, ईमेल और मोबाइल नंबर दर्ज करें।
- सबमिट करें: ‘I Agree’ पर क्लिक करके फॉर्म सबमिट कर दें।
इसके कुछ दिनों के भीतर आपके नजदीकी पोस्ट ऑफिस से डाकिया आपके घर आएगा और बायोमेट्रिक (अंगूठे का निशान) लेकर आपका मोबाइल नंबर अपडेट कर देगा।
कितना लगेगा शुल्क? (Fees)
आधार में मोबाइल नंबर अपडेट करने के लिए सरकार द्वारा निर्धारित 50 रुपये (GST सहित) का शुल्क देना होगा। यह राशि आपको डाकिया को देनी होगी। वहीं, बच्चों का नया आधार बनवाना पूरी तरह मुफ्त है।
